home page

लोक भवन में बिहार दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम,राज्यपाल ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पर दिया जोर

 | 
लोक भवन में बिहार दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम,राज्यपाल ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पर दिया जोर


देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। लोक भवन में सोमवार को बिहार दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बिहारी महासभा की ओर से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विविध प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से नन्हीं बालिकाओं के लोक नृत्य ने उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान, अध्यात्म, संस्कृति और इतिहास की समृद्ध धरोहर रही है। उन्होंने भगवान बुद्ध और भगवान महावीर का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी पावन भूमि से ज्ञान और अहिंसा का संदेश पूरे विश्व में प्रसारित हुआ। साथ ही नालंदा विश्वविद्यालय जैसे विश्वविख्यात शिक्षा केंद्र का भी जिक्र किया।

राज्यपाल ने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विशेषताओं को जानना और अपनाना आवश्यक है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने शासन, प्रशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में उत्तराखंड में निवास कर रहे बिहार के लोगों सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव ने किया।

कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर,मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन,प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा,अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी.अंशुमान,सचिव नितेश झा,सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन,विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल,अपर सचिव राज्यपाल रीना जोशी, बिहारी महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह,सचिव चंदन कुमार झा,कोषाध्यक्ष रितेश कुमार,डॉ.राम विनय सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय