home page

12 दिसंबर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, आपसी सहमति से होगा मामलों का निस्तारण

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 27 नवंबर (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आगामी 12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला न्यायालय पौड़ी सहित जनपद के सभी बाह्य न्यायालयों में आयोजित होगी। इसमें विभिन्न प्रकार के सुलह योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया जाएगा।

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निस्तारण की तैयारियों के तहत शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज धर्म सिंह की अध्यक्षता में बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं के साथ प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला जज ने संबंधित पक्षों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर सुलह-समझौते के माध्यम से वादों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में प्रभावी पहल करने पर जोर दिया। राष्ट्रीय लोक अदालत में फौजदारी के शमनीय वाद, धन वसूली एवं लेन-देन संबंधी मामले, श्रम एवं नियोजन विवाद, वैवाहिक विवाद, किरायेदारी, दीवानी वाद, चेक अनादरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, विद्युत एवं जल बिल विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व वाद, उपभोक्ता आयोग में लंबित मामले तथा बैंकों के प्री-लिटिगेशन प्रकरणों सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे अपने सुलह योग्य मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रस्तुत कर आपसी सहमति से उनका निस्तारण कराएं तथा शीघ्र, सुलभ और कम खर्च में न्याय प्राप्त करने की इस व्यवस्था का लाभ उठाएं। इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाजिश कलीम, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कमल प्रसाद बमराड़ा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह