home page

पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक भर्ती परीक्षा में 75 से 80 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित

 | 

देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)।

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक के पदों पर भर्ती के लिए रविवार को आयोजित लिखित प्रतियोगी परीक्षाओं में लगभग 75 से 80 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। आयोग ने दोनों परीक्षाओं के सफल संचालन का दावा करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए लाइव सीसीटीवी निगरानी तथा जैमर की व्यवस्था की गई थी।

आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पशुपालन विभाग के अंतर्गत पशुधन प्रसार अधिकारी के रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा 18 अक्टूबर 2026 को पहली पाली में देहरादून, हल्द्वानी, पौड़ी गढ़वाल और अल्मोड़ा के कुल 40 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इसमें लगभग 80 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

वहीं, सर्वेक्षक पदों के लिए लिखित प्रतियोगी परीक्षा भी 18 अक्टूबर को दूसरी पाली में देहरादून के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इस परीक्षा में लगभग 75 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

आयोग के अनुसार, दोनों परीक्षाओं के सुचारु संचालन के लिए निगरानी व्यवस्था की गई थी।

परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की गई और अभ्यर्थियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई। इसके लिए आयोग में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था, जहां अध्यक्ष जीएस रौतेला, सदस्य प्रताप सिंह शाह, सचिव एनएस डुंगरियाल, परीक्षा नियंत्रक लक्ष्मी राज चौहान तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

आयोग ने परीक्षाओं के सफल संचालन में सहयोग के लिए संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस अधिकारियों, परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों और आयोग के प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय