गुलदार के हमले के बाद इडवालस्यूं क्षेत्र में दहशत, निगरानी के लिए लगाए जा रहे ट्रैप कैमरे
पौड़ी गढ़वाल, 18 सितंबर (हि.स.)।
गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के इडवालस्यूं क्षेत्र में गुरुवार शाम गुलदार के हमले में महिला के घायल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आबादी के आसपास गुलदार की सक्रियता से लोगों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की मौजूदगी के कारण शाम के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार शाम ग्राम सभा कंडी निवासी इंदु देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया था। महिला के चेहरे पर पंजे लगने से वह घायल हो गई थीं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। घटना के बाद से क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ट्रैप कैमरों से रखी जाएगी नजर
वन विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। वन विभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही का पता लगाने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरों के माध्यम से गुलदार की गतिविधियों और उसके मूवमेंट को रिकॉर्ड किया जाएगा, जिससे उसकी मौजूदगी वाले स्थानों को चिन्हित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की अनुमति भी ली गई है। अनुमति मिलने के बाद चिन्हित स्थान पर पिंजरा लगाया जाएगा। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

