home page

मुर्गीबाड़े में घुसा गुलदार,रेस्क्यू के दौरान दो वन आरक्षी घायल

 | 
मुर्गीबाड़े में घुसा गुलदार,रेस्क्यू के दौरान दो वन आरक्षी घायल


पौड़ी गढ़वाल, 27 अगस्त (हि.स.)। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के मासौं तल्ला गांव में गुरुवार सुबह मुर्गीबाड़े में घुसे गुलदार को रेस्क्यू करने के दौरान दो वन आरक्षी घायल हो गए। कई घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित पकड़कर पौड़ी रेंज कार्यालय पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार,गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गुलदार अर्जुन सिंह के मुर्गीबाड़े में घुस गया। जाली के रास्ते वह एक कमरे में पहुंच गया और अंदर बंद हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

पशु चिकित्सक के परामर्श पर टीम ने गुलदार को ट्रैंक्विलाइज कर पिंजरे में डालने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों के रेस्क्यू अभियान में हस्तक्षेप के कारण कार्रवाई में विलंब हुआ। ट्रैंक्विलाइजेशन दवा का असर सीमित अवधि का होने के कारण इस बीच गुलदार दोबारा होश में आ गया। होश में आते ही गुलदार ने मौके पर मौजूद वन आरक्षी नवीन रावत और पंकज नेगी पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद कुछ ग्रामीणों ने गुलदार को मारने की मांग की, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ। वन विभाग की टीम ने परिस्थितियों को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद करीब तीन घंटे बाद दोबारा गुलदार को ट्रैंक्विलाइज किया। इसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में कैद कर पौड़ी रेंज कार्यालय लाया गया।

वन विभाग के अनुसार, रेस्क्यू किया गया गुलदार नर है और उसकी उम्र करीब एक वर्ष है। गुलदार का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है। वन विभाग की टीम ने बताया कि नियमानुसार आवश्यक चिकित्सकीय एवं अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह