home page

विद्यार्थियों को जनसंख्या संतुलन और विधिक अधिकारों की दी जानकारी

 | 
विद्यार्थियों को जनसंख्या संतुलन और विधिक अधिकारों की दी जानकारी


चम्पावत, 11 जुलाई (हि.स.) विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चम्पावत की ओर से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मिरतोला में शनिवार को विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को जनसंख्या वृद्धि के सामाजिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भवदीप रावते ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और प्राकृतिक संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को जनसंख्या संतुलन, परिवार नियोजन और जागरूक नागरिक की भूमिका के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जनसंख्या नियंत्रण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने जनसंख्या नियंत्रण और जनजागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) ने भी उपस्थित लोगों को उनके विधिक अधिकारों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से छात्र-छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों को विधिक जागरूकता संबंधी सूचना पुस्तिकाएं वितरित की गईं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और प्राधिकरण के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी