श्रमिक पंजीकरण अभियान एक मई से
नैनीताल, 18 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल में श्रम विभाग द्वारा असंगठित क्षेत्र के अपंजीकृत श्रमिकों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मल्लीताल बड़ा बाजार क्षेत्र में व्यापारियों एवं उनके कर्मियों के साथ संवाद कर संस्था के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि 1 मई से 15 मई के मध्य पंजीकृत हो रहे श्रमिकों के लिये विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस दौरान श्रम विभाग के अभिषेक गंगवार ने बताया गया कि उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों के लिए विवाह सहायता योजना के तहत दो पुत्रियों अथवा महिला श्रमिक के विवाह पर 51 हजार रुपये, सामूहिक विवाह योजना में कुल 61 हजार रुपये प्रति जोड़ा, प्रसूति सहायता के रूप में 6 हजार रुपये और कार्य के दौरान मृत्यु होने पर 4 लाख और सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त अन्त्येष्टि हेतु 10 हजार रुपये भी देय हैं। साथ ही श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा सहायता, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए शुल्क वहन, 60 वर्ष के बाद मासिक पेंशन व दिव्यांगता की स्थिति में आर्थिक सहायता जैसी योजनाएं भी संचालित हैं। विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि वे शिविरों में पंजीकरण कराकर योजनाओं का लाभ उठाएं, जिससे सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान नगर पालिका के सभासद मुकेश जोशी भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

