home page

लखवाड़ परियोजना का निरीक्षण, समयबद्ध कार्ययोजना पर जोर

 | 
लखवाड़ परियोजना का निरीक्षण, समयबद्ध कार्ययोजना पर जोर


देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। जलशक्ति मंत्रालय के सचिव वी.एल. कांताराव ने बुधवार को यमुना नदी पर यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से निर्माणाधीन 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़ी ड्रॉइंग्स समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने परियोजना के विभिन्न घटकों और संरचनाओं का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई।

यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि सचिव ने सभी अधिकारियों और अभियंताओं को प्रभावी अनुश्रवण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उसी के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव ने कार्यदायी संस्था एल एंड टी को निर्देशित किया कि परियोजना से संबंधित आवश्यक ड्रॉइंग्स समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही केंद्रीय जल आयोग के अधिकारियों को भी तय समयसीमा में ड्रॉइंग्स उपलब्ध कराने को कहा गया।

इसके अतिरिक्त,नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ रॉक मैकेनिक्स और सेंट्रल वाटर एंड पावर रिसर्च स्टेशन द्वारा संचालित अध्ययनों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि परियोजना की प्रगति में तेजी लाई जा सके।

इस अवसर पर सचिव ने यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की ओर से कम समय में परियोजना को गति देने के प्रयासों की सराहना की और विश्वास जताया कि परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूर्ण होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय