home page

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने लखवाड़ परियोजना को 2031 तक पूरा करने का दिया लक्ष्य

 | 
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने लखवाड़ परियोजना को 2031 तक पूरा करने का दिया लक्ष्य


देहरादून, 16 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) और कार्यदायी संस्था एलएंडटी को वर्ष 2031 तक परियोजना का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य देते हुए मशीनरी और मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का जायजा लिया और कार्यों के अलग-अलग चरणों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है, जिससे उत्तराखंड सहित कई राज्यों को लाभ मिलेगा। इसलिए सभी संबंधित संस्थाएं अगले दो से तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूरी की जा सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले यूजेवीएनएल ने परियोजना पूर्ण करने का लक्ष्य दिसंबर 2034 निर्धारित किया था।

मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के लिए पर्ट चार्ट तैयार कर उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और परियोजना से जुड़े सभी अनिवार्य तकनीकी परीक्षण विशेषज्ञों की देखरेख में समय पर पूरे किए जाएं।

उन्होंने एलएंडटी और यूजेवीएनएल के अधिकारियों को निर्माण स्थल पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रीय जल आयोग की ओर से अपेक्षित सभी तकनीकी परीक्षण शीघ्र पूर्ण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्य सचिव ने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण जल्द पूरा करने तथा प्रभावित लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय