लेक सिटी वेलफेयर क्लब पहली बार कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता के साथ मनाएगा हरेला महोत्सव
नैनीताल, 26 जून (हि.स.)। लेक सिटी वेलफेयर क्लब इस वर्ष भी नगर में हरेला महोत्सव का भव्य आयोजन करेगा। महोत्सव के अंतर्गत पहली बार कुमाउनी नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही हरेला बुवाई, पौधरोपण और रक्तदान शिविर सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्लब की अध्यक्ष कविता त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
क्लब की सचिव प्रगति जैन ने बताया कि छह जुलाई को होटल पवेलियन में हरेला बुवाई कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसकी संयोजक गीता शाह होंगी। 12 जुलाई को पौधरोपण कार्यक्रम तथा 18 और 19 जुलाई को संस्कृति विभाग उत्तराखंड के सहयोग से हरेला महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
महोत्सव के अंतर्गत पहली बार कुमाऊंनी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन सब जूनियर (5 से 9 वर्ष), जूनियर (10 से 16 वर्ष) और सीनियर (17 वर्ष से अधिक) वर्ग में किया जाएगा। प्रतियोगिता में नगद एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के लिए विनीता पांडे, तुलसी शाह और रानी शाह को सह संयोजक तथा हरेला महोत्सव के लिए प्रगति जैन को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया है। क्लब एक जुलाई को बीडी पांडे चिकित्सालय में रक्तदान शिविर भी आयोजित करेगा। बैठक में रमा भट्ट, जीवंती भट्ट, अनुराधा भट्ट, आभा शाह, विमलेश गोस्वामी, जया वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

