कुंभ से पहले सड़क-पुलों के काम पूरे करने के निर्देश
हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को हरिद्वार में सड़कों और पुलों से जुड़े निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने और निर्माण स्थलों पर पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। सचिव ने बैठक के बाद विभिन्न निर्माणाधीन सड़कों और पुलों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
सीसीआर सभागार में आयोजित बैठक में सचिव ने हरिद्वार और रुड़की की प्रमुख सड़कों, पुलों, आंतरिक मार्गों और गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला हरिद्वार की पहचान और प्रतिष्ठा से जुड़ा आयोजन है। ऐसे में प्रमुख मार्गों के साथ ही शहर की आंतरिक सड़कों को भी आवागमन के लिए सुगम और व्यवस्थित बनाया जाना जरूरी है।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम करने तथा निर्माण सामग्री, श्रमिक और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि कार्यों में देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी एजेंसियों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर शासन, मेलाधिकारी और जिलाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने एनएचएआई अधिकारियों को कुंभ क्षेत्र से जुड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं 15 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए। इनमें हरिद्वार बाईपास, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का हरिद्वार स्पर और एनएच-74 के हरिद्वार-नगीना सेक्शन के कार्य शामिल हैं। उन्होंने चौराहों के सुधार कार्यों को भी प्राथमिकता देने को कहा।
चंडी चौक चौराहे के सुधार और सर्विस लेन चौड़ीकरण का काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माणाधीन एडमिन रोड के कार्य में बाधा न आए। सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े कार्यों में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।
सचिव ने हरिद्वार और रुड़की की आंतरिक सड़कों को प्राथमिकता से दुरुस्त करने को कहा। विभिन्न निर्माण एवं अवस्थापना कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की संबंधित विभागों से तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के बाद सचिव ने एडमिन रोड और चंडी चौक सर्विस लेन के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद नारसन बॉर्डर से लंढौरा, लक्सर, सोनाली पुल होते हुए रुड़की तक सड़क और राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने दक्षद्वीप और खड़खड़ी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलों का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान इन मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ेगा, इसलिए निर्माण और अनुरक्षण कार्य समय से पूरे कर मार्गों को बेहतर स्थिति में रखना जरूरी है।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश चंद्र चतुर्वेदी समेत लोनिवि, एनएचएआई, पेयजल निगम, ग्रामीण निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

