home page

कुंभ मेला : यातायात व्यवस्था को लेकर मंथन, हितधारकों से मांगे सुझाव

 | 
कुंभ मेला : यातायात व्यवस्था को लेकर मंथन, हितधारकों से मांगे सुझाव


हरिद्वार, 27 अप्रैल (हि.स.)। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक मंथन किया गया। इस दौरान प्रशासन ने विभिन्न हितधारकों से सुझाव आमंत्रित करते हुए व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर सोमवार को सीसीआर स्थित मेला भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईजी कुंभ मेला योगेन्द्र सिंह रावत ने की, जिसमें कुंभ मेला यातायात नियंत्रण उपसमिति के अध्यक्ष एसएसपी नवनीत सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल हुए।

बैठक में साधु-संत, होटल एसोसिएशन, टैक्सी चालक संघ और अन्य संबंधित हितधारकों ने भी भाग लिया। इस दौरान कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए तैयार किए गए प्लान पर विस्तृत चर्चा की गई।

आईजी योगेन्द्र सिंह रावत और एसएसपी नवनीत सिंह ने उपसमिति के सदस्यों से यातायात प्लान को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे।अधिकारियों ने यह भी कहा कि प्राप्त उपयोगी सुझावों और सुधार के बिंदुओं के आधार पर कार्ययोजना में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के दौरान एसपी ट्रैफिक/क्राइम निशा यादव ने अब तक तैयार किए गए यातायात प्रबंधन प्लान की क्रमवार जानकारी दी। वहीं एसपी सिटी अभय सिंह ने उपस्थित सदस्यों के सवालों का विस्तार से जवाब दिया।

आईजी योगेन्द्र सिंह रावत ने भरोसा दिलाया कि यातायात प्लान तैयार करते समय श्रद्धालुओं, होटल व्यवसायियों, टैक्सी,टेंपो,रिक्शा यूनियन, अखाड़ा परिषद और साधु समाज सहित सभी वर्गों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि मेले में भीड़ के अनुसार अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय को बेहद जरूरी बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला