कुंभ: अस्थायी व्यवस्थाओं ने पकड़ी रफ्तार, शिविरों से पार्किंग तक तैयारी तेज
हरिद्वार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में स्थायी निर्माण के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं को भी गति दी जा रही है। मेला क्षेत्र में शिविरों के लिए भूमि तैयार करने, अस्थायी बस अड्डे, पार्किंग, संपर्क मार्ग, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं के विकास का काम तेज हो गया है।
इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और एनएच-74 के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति परखी और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में शिविरों के लिए निर्धारित भूमि पर चल रहे ड्रेसिंग और लेवलिंग कार्यों के साथ अस्थायी सड़कों, बिजली और पेयजल आपूर्ति की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि शिविर स्थलों को समय से तैयार करने के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। दक्षद्वीप में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे का निर्माण शीघ्र पूरा करने और पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था बनाने को कहा। हद्दीपुर में प्रस्तावित पार्किंग स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों व पुलों के कार्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने एनएचएआई की हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर सहित अन्य कार्यों का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि बाईपास को अविलंब पूरा कर कुंभ से पहले यातायात के लिए चालू किया जाए। उन्होंने एनएच-74 पर चिड़ियापुर तक मार्ग की स्थिति देखी और अंजनी चौकी के निकट प्वाइंट 4.2 पर बाईपास के अंतिम सिरे को सुव्यवस्थित कर साइनेज लगाने को कहा।
उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशक, नजीबाबाद से दूरभाष पर बात कर एनएच-74 के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने और चिड़ियापुर के निकट फ्लाईओवर के अवरुद्ध कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

