home page

कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, मेला अधिकारी ने रेलवे स्टेशन और घाटों का किया निरीक्षण

 | 
कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, मेला अधिकारी ने रेलवे स्टेशन और घाटों का किया निरीक्षण


हरिद्वार, 23 मई (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मेला अधिकारी सोनिका ने शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, सिंहद्वार क्षेत्र, शंकराचार्य चौक, विभिन्न घाटों और मायापुर रेगुलेटर नहर पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक संचालन, पैदल आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन आकलन किया गया। मेला अधिकारी ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेले के दौरान यह स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र रहेगा। ऐसे में स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाने जरूरी हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से ट्रेनों के संचालन, बोर्डिंग-डिबोर्डिंग व्यवस्था और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना मेला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान वर्तमान एकमात्र निकासी गेट के स्थान पर तीन निकासी द्वार बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टेशन परिसर में पर्याप्त पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके बाद अधिकारियों की टीम ने सिंहद्वार क्षेत्र, शंकराचार्य चौक, समीपवर्ती घाटों और मायापुर रेगुलेटर से होकर गुजरने वाले नहर पटरी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान कुंभ मेले में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन, सुरक्षित स्नान और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सीओ कुंभ बिपेन्द्र सिंह, सीओ जीआरपी अनुज सिंह सहित रेलवे और मेला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला