home page

आईजी विम्मी सचदेवा रमन ने चारधाम यात्रा की तैयारियों का किया निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 | 
आईजी विम्मी सचदेवा रमन ने चारधाम यात्रा की तैयारियों का किया निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण निर्देश


हरिद्वार,16 अप्रैल (हि.स.)। चारधाम यात्रा को सुचारु,सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से नामित नोडल ऑफिसर आईजी विम्मी सचदेवा रमन ने हरिद्वार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह,एसपी क्राइम व ट्रैफिक निशा यादव,एसपी सिटी अभय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह ने चारधाम यात्रा के दृष्टिगत यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण,सुरक्षा व्यवस्था,पार्किंग और रजिस्ट्रेशन व्यवस्था से संबंधित सभी पहलुओं पर प्रगति रिपोर्ट साझा की।

आईजी विम्मी सचदेवा रमन ने चारधाम यात्रा के लिए तैयार किए गए समग्र रोडमैप की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों के साथ इसे साझा करते हुए पार्किंग स्थलों,यात्रा पड़ावों और रजिस्ट्रेशन केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि तैयार रोडमैप का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए,ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के पश्चात नोडल ऑफिसर ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग स्थलों,हॉल्टिंग पॉइंट्स और रजिस्ट्रेशन सेंटर्स का भौतिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने तथा आवश्यक सुधार शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला