home page

कुंभ की तैयारियों पर एडीजी प्रशासन की सख्ती, बोले- हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार हो प्लान

 | 
कुंभ की तैयारियों पर एडीजी प्रशासन की सख्ती, बोले- हर स्नान पर्व के लिए पहले से तैयार हो प्लान


हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन उत्तराखंड एपी अंशुमान ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने अब तक की गई तैयारियों और निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। एडीजी ने स्पष्ट किया कि कुंभ में प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण है, इसलिए हर पर्व के लिए पुलिस की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था का प्लान पहले से स्पष्ट होना चाहिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने निर्माण कार्यों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। एडीजी ने निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन, उसमें स्थापित होने वाले उपकरण, पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाने और चौकियों की तैयारियों की जानकारी ली। इसके साथ ही कुंभ कोर क्षेत्र में प्रस्तावित होल्डिंग एरिया और पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण तथा भूमि अधिग्रहण की स्थिति भी जानी गई।

बैठक में कुंभ मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा की समीक्षा करते हुए अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, अतिरिक्त उपकरणों की जरूरत और खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली गई। मेला क्षेत्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के लिए चयनित स्थानों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा उपलब्ध वाहनों, अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता, अब तक जारी बजट और अतिरिक्त बजट की जरूरत पर चर्चा हुई।

कुंभ में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों की उपलब्धता तथा अतिरिक्त बल की आवश्यकता को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। एडीजी ने निर्देश दिए कि स्नान पर्वों की भीड़ और आवश्यकता के अनुरूप पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

बैठक में आईजी कार्मिक सुनील कुमार मीणा, आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, आईजीध्पीएम बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे, एसपी जीआरपी अरुणा भारती, एसपी यातायातए अपराध निशा यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला