home page

कुम्भ संबंधी निर्माण कार्याें में देरी पर मुख्य सचिव ने जताई नाराजगी

 | 
कुम्भ संबंधी निर्माण कार्याें में देरी पर मुख्य सचिव ने जताई नाराजगी


देहरादून, 29 अप्रैल 2026 (हि.स.)। कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर बुधवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने निर्माण कार्यों में देरी पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी आपत्तियों का निस्तारण कर तीन दिनों के भीतर शासनादेश (जीओ) जारी किए जाएं।

बैठक में मुख्य सचिव ने कुम्भ से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए भूमि अधिग्रहण और आवंटन प्रक्रिया तत्काल शुरू करने तथा 30 जून तक इसे पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि कुम्भ मास्टर प्लान के तहत सभी निर्माणदायी संस्थाएं अपने कार्यालयों को सुदृढ़ करें और आवश्यक तैनातियां शीघ्र सुनिश्चित करें। साथ ही,अस्थायी प्रकृति के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तुरंत शुरू करने को कहा। उन्होंने आयुक्त गढ़वाल को भूमि अधिग्रहण और आवंटन प्रक्रिया को मास्टर प्लान में शामिल करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कुम्भ मेले के दौरान यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी, आईजी कुम्भ और रेलवे अधिकारियों को शीघ्र समन्वय बैठक कर रेल और सड़क यातायात योजना को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। हरिद्वार, नजीबाबाद और मंगलौर मार्गों पर सड़क सुधार, जंक्शन और स्पर निर्माण कार्य जल्द पूरा करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही आसपास के जनपदों में ट्रैफिक प्लान और पार्किंग सुविधाओं के विस्तार के निर्देश जिलाधिकारियों को दिए गए।

मुख्य सचिव ने आकस्मिक यातायात योजना तैयार रखने, प्रवेश बिंदुओं पर पार्किंग, भोजन और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। कुम्भ क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एक समर्पित सैनिटेशन प्लान तैयार करने और पर्याप्त पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, कुम्भ के दौरान प्रदेश की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी संस्कृति, पर्यटन और सूचना विभाग को सौंपी गई है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्नान पर्वों को छोड़कर अन्य दिनों में नियमित रूप से पौराणिक, ऐतिहासिक और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव मिल सके।

बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, श्रीधर बाबू अद्दांकी, रणवीर सिंह चौहान, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुम्भ योगेन्द्र सिंह रावत सहित रेलवे डिवीजन मुरादाबाद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय