home page

डेंगू नियंत्रण और टीबी उन्मूलन पर विशेष जोर दें : दीपक रावत

 | 
डेंगू नियंत्रण और टीबी उन्मूलन पर विशेष जोर दें : दीपक रावत


नैनीताल, 20 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू नियंत्रण, टीबी उन्मूलन तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।

दीपक रावत ने सोमवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडल के सभी जिलों की स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सालयों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, चिकित्सा उपकरणों को कार्यशील रखने तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए टीबी रोगियों की समयबद्ध स्क्रीनिंग और नोटिफिकेशन सुनिश्चित करने, संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने तथा खराब मशीनों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वर्षाकाल के मद्देनजर उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी करने और आशा तथा एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से संभावित प्रसव तिथि से पहले उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

आयुक्त ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की प्रारंभिक पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संचारी एवं गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम तथा आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

उन्होंने वर्षा ऋतु में डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान, जलभराव रोकने, फॉगिंग, लार्वा नियंत्रण तथा अन्य निवारक उपाय प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में कैंसर रोगियों के लिए निःशुल्क रोडवेज यात्रा सुविधा के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए लगाए जा रहे टीके को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए रावत ने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार विशेषज्ञों की देखरेख में लगाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी