बच्चों के लिए अपसाइक्लिंग कार्यशाला आयोजित
देहरादून, 23 मार्च (हि.स.)। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के बाल अनुभाग की ओर से सोमवार को परिसर में बच्चों के लिए अपसाइक्लिंग और रीसाइक्लिंग पर आधारित एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की शुरुआत वस्त्र अपशिष्ट पर संवादात्मक चर्चा से हुई, जिसमें बच्चों को बताया गया कि त्यागे गए कपड़े किस प्रकार लैंडफिल को भरते हैं, नालियों को जाम करते हैं और नदियों, वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं को नुकसान पहुंचाते हैं। कार्यशाला का संचालन मौसमी भट्टाचार्य ने किया। उन्होंने सरल एवं सहज तरीके से बच्चों को कपड़ा अपशिष्ट के पर्यावरणीय प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
चर्चा के उपरांत बच्चों ने एक व्यावहारिक गतिविधि में भाग लिया, जिसमें उन्होंने अपशिष्ट कपड़ों से पाउच तैयार किए। इस दौरान उन्हें रनिंग स्टिच और हेमिंग स्टिच जैसी बुनियादी सिलाई तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यशाला के अंत में प्रत्येक बच्चे ने स्वयं की ओर से तैयार किया गया पाउच अपने साथ घर ले गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

