home page

केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा गिरने से आवाजाही प्रभावित, यात्रियों को सुरक्षित रोका गया

 | 

रुद्रप्रयाग, 11 सितंबर (हि.स.)। केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर शुक्रवार को चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर गिरने से मार्ग प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर पैदल आवाजाही को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया गया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मलबा और पत्थर गिरने की सूचना मिलने के बाद यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया। डीडीआरएफ और डीडीएमए सहित प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं तथा मार्ग से मलबा और बड़े पत्थरों को हटाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में सुरक्षा मानकों के अनुरूप पैदल यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित तरीके से शुरू कर दी गई है। प्रशासन और सुरक्षा बलों की निगरानी में यात्रियों को सुरक्षित रूप से आगे भेजा जा रहा है।

मार्ग पर कुछ बड़े पत्थर होने के कारण घोड़े-खच्चरों तथा डंडी-कंडी की आवाजाही फिलहाल रोकी गई है। बड़े पत्थरों और मलबे को हटाने का काम जारी है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू होने के बाद इनकी आवाजाही भी सामान्य की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यात्रियों से प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से रुकने या आगे बढ़ने का प्रयास नहीं करने की अपील की। जिला प्रशासन द्वारा मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय