12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्वास्थ्य सेवा का रिकॉर्ड, 44 दिनों में एक लाख से अधिक तीर्थयात्रियों का उपचार
केदारनाथ, 25 जून (हि.स.)। केदारनाथ धाम स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। चिकित्सालय की ओर से 12 हजार फीट की ऊंचाई पर संचालित चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से यात्रा सीजन के दौरान मात्र 44 दिनों में एक लाख से अधिक तीर्थयात्रियों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है।
चिकित्सालय प्रशासन के अनुसार बाबा केदार के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ऊंचाई से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें सांस लेने में तकलीफ, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली फेफड़ों की गंभीर समस्या (पल्मोनरी एडिमा), हृदयाघात, उच्च रक्तचाप, थकान, ऑक्सीजन की कमी तथा अन्य सामान्य और गंभीर बीमारियों के मरीज शामिल रहे।
स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय के सचिव डॉ. अनुज सिंघल ने गुरुवार काे बताया कि केदारपुरी जैसे दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अपने आप में बड़ी चुनौती है। यहां प्रतिदिन मौसम की परिस्थितियां बदलती रहती हैं। कभी लगातार बारिश तो कभी बर्फबारी के बीच चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को सेवाएं देनी पड़ती हैं। इसके बावजूद अस्पताल की टीम ने निरंतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए एक लाख से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया।
चिकित्सालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय समर्पित चिकित्सकों,नर्सिंग स्टाफ,पैरामेडिकल कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों की अथक मेहनत को दिया है। साथ ही इसे बाबा केदारनाथ की कृपा और आशीर्वाद का परिणाम बताया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में यह उपलब्धि केदारनाथ धाम यात्रा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कीर्तिमान मानी जा रही है,जहां सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

