home page

शीतकाल के लिए कल बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट, अंतिम चरण में तैयारियां

 | 
शीतकाल के लिए कल बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट, अंतिम चरण में तैयारियां


रुद्रप्रयाग, 10 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट कल यानी बुधवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने के अवसर पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धाम में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

कपाट बंद होने के कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मंदिर परिसर से लेकर पैदल मार्ग तक साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कपाट बंद होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा है।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय