home page

कांवड़ यात्रा : 25 जुलाई तक पूरी होंगी सभी तैयारियां, कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

 | 
कांवड़ यात्रा : 25 जुलाई तक पूरी होंगी सभी तैयारियां, कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता


हरिद्वार, 11 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि 25 जुलाई तक यात्रा मार्ग पर सभी मूलभूत सुविधाएं और आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विश्नोई ने बताया कि कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ियों की कटाई और स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। यह कार्य रानीपुर झाल, पथरी पुल और इमलीखेड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया जा रहा है।

वहीं, सिंचाई विभाग हरिद्वार और रुड़की डिवीजन भी अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ पटरी मार्ग की साफ-सफाई और झाड़ी कटान का कार्य तेजी से कर रहा है।महेश विश्नोई ने बताया कि सभी टीमें लगातार मैदान में सक्रिय हैं और जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप तय समय-सीमा से पहले ही कांवड़ पटरी मार्ग को पूरी तरह साफ, सुरक्षित और सुगम बना दिया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला