home page

कांवड़ मेले की तैयारियों में आई तेजी, डीएम ने सभी विभागों को समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

 | 
कांवड़ मेले की तैयारियों में आई तेजी, डीएम ने सभी विभागों को समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश


हरिद्वार, 13 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेले को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, अग्निशमन, खाद्य सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया कि मेला क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और भोजनालयों में खाद्य पदार्थों एवं सेवाओं की रेट लिस्ट प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं से निर्धारित दरों से अधिक वसूली न हो सके।

उन्होंने सिंचाई विभाग और जिला पंचायत को कांवड़ पटरी मार्गों व सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने तथा मार्गों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के संबंधित अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सभी घाटों की मरम्मत, सुरक्षा चेन की स्थापना एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं पूर्ण करने के आदेश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण, कमियों का तत्काल निस्तारण और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे कांवड़ मेला सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी डॉ लालित नारायण मिश्र,अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.शि.) अमित कुमार चन्द, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम कुमार तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भंडारी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत कुमार, स्वजल नोडल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट, जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा ब्लॉक मुख्यालय एवं तहसील मुख्यालय से संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला