home page

कांवड़ यात्रा: 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां

 | 
कांवड़ यात्रा: 25 जुलाई तक पूरी हों सभी तैयारियां


हरिद्वार, 06 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा का सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सकुशल संचालन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध तरीके से करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सिंचाई विभाग को कांवड़ पटरी मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, जिला पंचायत को झाड़ियों की कटाई, शौचालयों और स्नान गृहों की साफ-सफाई व मरम्मत के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और झूलते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने के लिए कहा गया। वहीं जल संस्थान को पर्याप्त पेयजल व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग को मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को प्रभावी यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ पटरी मार्ग पर बिजली के पोलों के नीचे किसी भी प्रकार के अस्थायी स्टॉल या फड़ लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वन विभाग को आवश्यक स्थानों पर पेड़ों की शाखाओं की छंटाई (लॉपिंग) समय से कराने, जबकि नगर निगम और जिला पंचायत को यात्रा मार्गों, शिविर स्थलों एवं सार्वजनिक स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला