पड़ोसी राज्यों के थाना प्रभारियों के साथ पुलिस की बॉर्डर मीटिंग
हरिद्वार, 05 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भगवानपुर थाना क्षेत्र में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े थानों के अधिकारियों की संयुक्त बॉर्डर मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और समन्वय से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर रितेश शाह की अगुवाई में आयोजित बैठक में प्रभारी निरीक्षक बिहारीगढ़ सतेन्द्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक गागलहेड़ी वीरेन्द्र सिंह राणा, थानाध्यक्ष फतेहपुर भूपेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गागलहेड़ी अतुल कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक फतेहपुर भूपेन्द्र शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भगवानपुर रमेश कुमार सैनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान कांवड़ मेले के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा रणनीति, आपसी समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और किसी भी आपात स्थिति से संयुक्त रूप से निपटने की रणनीति भी साझा की।
बैठक के बाद सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुंदरपुर, फतेहपुर, गागलहेड़ी, बढ़कला, काली नदी, मंडावर, खानपुर चौक से इमली रोड तक भ्रमण कर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, डायवर्जन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस का कहना है कि कांवड़ मेला पुलिस के लिए अत्यंत चुनौतीपूर्ण आयोजन होता है। ऐसे में पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ बेहतर तालमेल और संयुक्त रणनीति के माध्यम से इस वर्ष भी यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

