home page

काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान,यात्रियों को किया जागरूक

 | 

हल्द्वानी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के तहत काठगोदाम रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम और रेलवे अधिकारियों की संयुक्त सहभागिता में स्टेशन परिसर, रेलवे ट्रैक के आसपास तथा निकटवर्ती बाजार में सफाई की गई।

नगर आयुक्त परितोष वर्मा के निर्देशन में सफाई टीमों ने स्टेशन परिसर और ट्रैक किनारे जमा कचरे एवं प्लास्टिक को एकत्र कर हटाया। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, रेलवे क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और प्लास्टिक का कम उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

स्टेशन के निकटवर्ती बाजार में दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों से दुकानों के आसपास कचरा जमा नहीं होने देने तथा निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की गई। लोगों को कचरे को स्रोत पर अलग करने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता से ही स्थायी स्वच्छता सुनिश्चित की जा सकती है। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वच्छता शपथ लेकर कचरा नहीं फैलाने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता