home page

कांवड़ मेले में जीरो जोन में वाहनों पर रोक लगाने की मांग

 | 
कांवड़ मेले में जीरो जोन में वाहनों पर रोक लगाने की मांग


हरिद्वार, 07 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेला एवं महाशिवरात्रि के मद्देनजर श्री परशुराम अखाड़े के प्रमुख एवं सामाजिक कार्यकर्ता अधीर कौशिक ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी कई मांगें उठाई हैं।

उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान जीरो जोन में तीन और चार पहिया वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने और हर की पैड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में करोड़ों शिवभक्त पहुंचते हैं, जिससे प्रमुख मार्गों पर अत्यधिक भीड़ रहती है। ऐसे में जीरो जोन में वाहनों की आवाजाही और मुख्य सड़कों पर अवैध अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने हाथी पुल, सुभाष घाट पुल और सीसीआर टावर के आसपास सड़क किनारे लगी अवैध दुकानों को हटाने की भी मांग की, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम हो सके।

अधीर कौशिक ने कहा कि हर की पैड़ी क्षेत्र सरकार की ओर से 'ए' श्रेणी की सुरक्षा के दायरे में है, लेकिन कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

इसके अलावा उन्होंने कांवड़ मेले की अवधि में शिवभक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नगर क्षेत्र में मांसाहार और शराब की दुकानों को बंद रखने की भी मांग की। उनका कहना है कि इससे श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान होगा और नगर में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला