home page

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी देहात ने एसपीओ के साथ की बैठक

 | 
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी देहात ने एसपीओ के साथ की बैठक


हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम रुड़की के सभागार में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल की अध्यक्षता में स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्सर क्षेत्र को छोड़कर देहात क्षेत्र के सभी सर्किल ऑफिसर्स, थाना प्रभारी और ग्रामीण क्षेत्र के स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स शामिल हुए।

बैठक के दौरान एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कांवड़ यात्रा के लिए पुलिस द्वारा अब तक की गई तैयारियों और कार्ययोजना की जानकारी साझा की। उन्होंने एसपीओ से यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारू रखने तथा शिवभक्त कांवड़ियों को निर्धारित कांवड़ पटरी से सुरक्षित रूप से भेजने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में पुलिस और स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स के बीच बेहतर समन्वय यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी एसपीओ से पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।

बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी एसपीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया कि पुलिस और स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स के संयुक्त प्रयासों से इस वर्ष की कांवड़ यात्रा भी शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला