home page

कांवड़ मेले के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी: तीन स्पेशल सहित पांच ट्रेनें चलेंगी

 | 
कांवड़ मेले के लिए रेलवे की बड़ी तैयारी: तीन स्पेशल सहित पांच ट्रेनें चलेंगी


हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मेले के दौरान कुल पांच ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं, जबकि दो नियमित ट्रेनों का हरिद्वार तक विस्तार किया गया है। विशेष रेल व्यवस्था 30 जुलाई से लागू होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्ष कांवड़ मेले के दौरान चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे। इस बार यह संख्या पांच करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रेल मार्ग से यात्रा करते हैं, जिससे हरिद्वार रेलवे स्टेशन और आसपास के स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव काफी बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनों और विशेष परिचालन की व्यवस्था की गई है।

रेलवे ने दिल्ली-शामली के बीच संचालित होने वाली 74022/74023 डीएमयू ट्रेन का 30 जुलाई से 14 अगस्त तक हरिद्वार तक विस्तार किया है। यह ट्रेन हरिद्वार से सुबह 3.05 बजे रवाना होकर शाम 6.30 बजे शामली पहुंचेगी। वापसी में शामली से रात 10.50 बजे चलकर हरिद्वार रात 1.55 बजे पहुंचेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली-शामली खंड में ट्रेन के निर्धारित समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

इसी प्रकार 64557/64558 दिल्ली-सहारनपुर मेमू ट्रेन को भी हरिद्वार तक विस्तारित किया गया है। यह ट्रेन सहारनपुर से रात 8.50 बजे रवाना होकर रात 10.50 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। दिल्ली और सहारनपुर के बीच इसके नियमित समय में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे तीन अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन करेगा। इनमें 04314 हरिद्वार-दिल्ली शाहदरा कांवड़ मेला स्पेशल 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 3.30 बजे हरिद्वार से रवाना होगी। यह ट्रेन ज्वालापुर, रुड़की, टपरी, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद में ठहराव करते हुए दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी।

दूसरी स्पेशल ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से दिल्ली शाहदरा के बीच संचालित होगी। यह ट्रेन प्रतिदिन सुबह 8.35 बजे योगनगरी ऋषिकेश से रवाना होकर शाम 5.45 बजे दिल्ली शाहदरा पहुंचेगी। वहीं तीसरी अनारक्षित कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से आलमनगर के बीच चलेगी, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे योगनगरी ऋषिकेश से प्रस्थान करेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जाएंगे, जिससे यात्रियों को पर्याप्त रेल सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अलावा कांवड़ मेला अवधि के दौरान हरिद्वार, देहरादून और योगनगरी ऋषिकेश तक संचालित होने वाली करीब 16 ट्रेनों के समय और ठहराव में भी अस्थायी बदलाव किया गया है। इन ट्रेनों का ज्वालापुर और मोतीचूर रेलवे स्टेशनों पर भी ठहराव रहेगा। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रभावी रहेगी, जिसके बाद सभी ट्रेनें अपने नियमित समय और निर्धारित स्टॉपेज के अनुसार संचालित होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला