कांवड़ मेले से पहले रोड़ी बेलवाला में तैयारियां तेज, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार, 02 जुलाई (हि.स.)। आगामी कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार मेला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी निर्माण कार्य, सड़क सुधार और यातायात संबंधी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सुश्री निशा यादव एवं अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में पुलिस, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माणाधीन एडमिन रोड, बॉक्स कल्वर्ट पुल, पार्किंग क्षेत्र और आसपास के मार्गों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कल्वर्ट पुल की एक लेन की बुनियाद का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने, पुल पर कांवड़ियों के आवागमन के लिए सुरक्षित रैंप तैयार करने और अलकनंदा होटल को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी सुचारु एवं सुरक्षित बनाने का निर्णय लिया गया।
प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। कांवड़ मेले के दौरान रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में केवल पैदल कांवड़ियों तथा दोपहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए दोपहिया वाहनों की अलग पार्किंग बनाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान हाईवे से पार्किंग क्षेत्र तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए रैंप निर्माण, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन का कहना है कि इस बार कांवड़ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, क्षेत्राधिकारी शिशुपाल नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार सहित पुलिस, मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

