कांवड़ मेले में पहली बार चली मेडिकल मोबाइल यूनिट शिवभक्तों के लिए बनी वरदान
अब तक सात हजार से अधिक शिवभक्तों का हुआ उपचार
हरिद्वार,05 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला में बेहतर एवं त्वरित उपचार के लिए स्वास्थ्य विभा की ओर से शुरू हुई मेडिकल मोबाईल यूनिट(एमएमयू) शिवभक्तों के लिए वरदान साबित हो रही है। कांवड़ मार्ग पर रणनीतिक स्थानों पर तैनात पांच मेडिकल मोबाइल यूनिटों के माध्यम से अब तक करीब 07 हजार कांवड़ यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि इस वर्ष पहली बार स्वास्थ्य विभाग ने पांच मेडिकल मोबाइल यूनिटों का संचालन शुरू किया है। ये यूनिट मंगलौर, बहादराबाद टोल प्लाजा, शंकराचार्य चौक (होटल प्रमिला), अलकनंदा होटल तथा हाईवे स्थित 4 पॉइंट पर तैनात हैं। प्रत्येक यूनिट प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सेवाएं दे रही है, जिससे यात्रा के दौरान बीमार या घायल होने वाले श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मेडिकल मोबाइल यूनिट में प्रशिक्षित चिकित्सक,फार्मासिस्ट,लैब तकनीशियन और नर्सिंग स्टाफ सहित पांच सदस्यीय टीम तैनात की गई है। यूनिटों में प्राथमिक उपचार,आवश्यक दवाइयां,ऑक्सीजन,स्ट्रेचर और बुनियादी जांच की सुविधा उपलब्ध है। यदि कोई मरीज गंभीर स्थिति में मिलता है तो उसे तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र में रेफर करने की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि इन मोबाइल यूनिटों के संचालन की लगातार निगरानी कांवड़ मेले के स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ.राजेश गुप्ता द्वारा की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को इलाज के लिए तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें,अत्यधिक थकान महसूस होने पर विश्राम करें और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम मेडिकल मोबाइल यूनिट या स्वास्थ्य शिविर से तुरंत संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा हुआ है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

