home page

गंगा में डुबकी लगाते ही तेज बहाव में बहा कांवड़िया, तलाश में जुटी जल पुलिस

 | 
गंगा में डुबकी लगाते ही तेज बहाव में बहा कांवड़िया, तलाश में जुटी जल पुलिस


हरिद्वार, 09 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेले के बीच रविवार को हरकी पैड़ी के पास धनुष पुल के नीचे गंगा का तेज बहाव फिर जानलेवा साबित हुआ। रेलिंग पार कर स्नान कर रहा एक कांवड़िया अचानक तेज धारा में बह गया और गहरे पानी में लापता हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कांवड़िया रेलिंग के बाहर खड़ा होकर डुबकी लगा रहा था। छलांग लगाते ही तेज बहाव उसे बहा ले गया। आसपास मौजूद लोगों के शोर मचाने तक वह नजरों से ओझल हो चुका था।

घटना की सूचना पर जल पुलिस और पीएसी की राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। बोट की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि लापता कांवड़िए की तलाश जारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल सुरक्षित घाटों पर स्नान करें और प्रतिबंधित व तेज बहाव वाले क्षेत्रों में न जाएं।

प्रशासन लगातार अपील कर रहा है, बावजूद इसके कुछ श्रद्धालु रेलिंग पार कर खतरनाक स्थानों पर जा रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला