प्रत्येक व्यक्ति क्षमता के अनुसार धर्म और समाज की सेवा करें: विष्णु
हरिद्वार, 06 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के पावन अवसर पर श्रीगुरु सेवक निवास उछाली आश्रम में आयोजित कांवड़ सेवा शिविर आठवें दिन भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ जारी रहा। आश्रम के परमाध्यक्ष महंत विष्णु दास महाराज के मार्गदर्शन में शिवभक्त कांवड़ियों की निस्वार्थ सेवा की जा रही है। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं।
शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, चाय, नाश्ता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। दूर-दराज से आने वाले हजारों शिवभक्तों को सेवा शिविर में निरूशुल्क भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस अवसर पर महंत विष्णु दास महाराज ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा ही भगवान शिव की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और मानवता भारतीय संस्कृति की मूल पहचान हैं तथा प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार धर्म और समाज की सेवा में योगदान देना चाहिए। उन्होंने सभी शिवभक्तों से कांवड़ यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने की अपील की।
महंत विष्णु दास ने बताया कि आश्रम का उद्देश्य केवल यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनमें सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना भी है। उन्होंने सेवा कार्य में जुटे सभी स्वयंसेवकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के समापन तक आश्रम का सेवा शिविर निरंतर संचालित रहेगा, ताकि किसी भी शिवभक्त को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। श्रावण मास के दौरान यह सेवा अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस अवसर पर सेवा कार्यों में महंत प्रेम दास, महंत सीताराम दास, महंत कन्हैया दास, राघवेन्द्र दास, पुनीत दास, अमन दास, सुभाष जसवाणी, सुरेश खेड़ा, रमेश खनेजा सहित आश्रम के अनेक सेवादार सक्रिय रूप से सहयोग करते रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

