home page

कांवड़ मेले की तैयारियों का मंडलायुक्त ने लिया जायजा

 | 
कांवड़ मेले की तैयारियों का मंडलायुक्त ने लिया जायजा


हरिद्वार, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को हरिद्वार में कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माण एवं मरम्मत कार्य, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा शिवभक्तों के लिए की जा रही अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन कांवड़ मेले के सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अधिक संख्या में कांवड़ यात्रियों के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंडलायुक्त को मेले के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला