कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, मंत्री राम सिंह ने लिया जायजा
हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। कुम्भ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार कुंभ को दिव्य भव्य तथा ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सड़कों के सुधार, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन, घाटों के विस्तार, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य मद से 55 कार्य स्वीकृत हुए हैं व केंद्र सरकार से 500 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।
उन्होंने कहा सुरक्षा के लिए 32 अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। नगर निगम द्वारा 13 हजार टॉयलेट और 8 हजार मूत्रालय लगाए जाएंगे। मंत्री ने संतों से भेंट कर सहयोग का आग्रह कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

