home page

जूना अखाड़े ने घोषित किया कुम्भ कार्यक्रमों का कैलेंडर

 | 
जूना अखाड़े ने घोषित किया कुम्भ कार्यक्रमों का कैलेंडर


हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.)।

श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े ने कुंभ-2027 की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए अखाड़े की परंपरागत धार्मिक गतिविधियों की तिथियो की आधिकारिक घोषणा कर दी है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरी गिरि महाराज ने कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार जूना अखाड़े के पंच परमेश्वर, रमता पंच एवं जमात 21 नवंबर 2026 को गोधूलि बेला में हरिद्वार में नगर प्रवेश करेंगे।

इसके बाद कुंभ मेला प्रशासन द्वारा आवंटित भूमि पर 1 दिसंबर 2026 को भैरव अष्टमी के अवसर पर भूमि पूजन किया जाएगा।

23 दिसंबर 2026 को दत्तात्रेय जयंती के पावन अवसर पर शुभ अभिजीत मुहूर्त में धर्म ध्वजा स्थापित की जाएगी। धर्म ध्वजा स्थापना के साथ ही कुंभ मेले का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा।

वहीं 14 जनवरी 2027 को उत्तरायण पर्व के अवसर पर नगाड़ा, निशान एवं भगवान दत्तात्रेय की पालकी के साथ भव्य पेशवाई निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में आचार्य महामंडलेश्वर, महामंडलेश्वर, नागा संन्यासी तथा देशभर से आए साधु-संत शामिल होंगे।

श्रीमहंत हरी गिरि महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां जिस प्रकार अखाड़ों के साथ समन्वय स्थापित कर आगे बढ़ रही हैं, उससे यह विश्वास है कि यह महाकुंभ अपने आप में ऐतिहासिक और भव्य होगा तथा नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

उन्होंने कुंभ मेला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती तथा उनकी पूरी टीम लगातार अखाड़ों के संपर्क में रहकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सक्रियता से कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला