पत्रकार कल्याण कोष से मृतक पत्रकार के आश्रित को पांच लाख की आर्थिक सहायता
हरिद्वार, 14 सितंबर (हि.स.)। पत्रकार कल्याण कोष के अंतर्गत मृतक पत्रकार स्वर्गीय रामराजा के परिवार को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। सोमवार को जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य शशि शर्मा और अमित शर्मा ने मृतक पत्रकार की पत्नी श्रीमती शालू को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
यह आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) के माध्यम से प्रदान की गई है। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों, गंभीर बीमारी से पीड़ित सक्रिय पत्रकारों और मृतक पत्रकारों के आश्रितों को आवश्यकतानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में संचालित यह योजना सरकार की संवेदनशील पहल है।
पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य शशि शर्मा और अमित शर्मा ने कहा कि इस तरह की सहायता से विपरीत परिस्थितियों से जूझ रहे पत्रकार परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

