home page

बैठक में कल्याण एवं समन्वय के मुद्दे उठे

 | 
बैठक में कल्याण एवं समन्वय के मुद्दे उठे


चमोली, 8 सितंबर (हि.स.)। जिला स्तरीय स्थायी पत्रकार समिति की बैठक मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय में हुई। बैठक में पत्रकार कल्याण, प्रेस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में जिला सूचना अधिकारी एवं समिति के सदस्य सचिव धीरज कार्की ने समिति के उद्देश्यों और कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पत्रकारों से संबंधित समस्याओं एवं उत्पीड़न के मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई, प्रेस और प्रशासन के बीच समन्वय तथा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना समिति के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है।

पत्रकार सदस्यों ने पत्रकार कल्याण कोष, वयोवृद्ध पत्रकार पेंशन, पत्रकार मान्यता, पत्रकार हितों तथा वीआईपी/वीवीआईपी भ्रमण के दौरान प्रेस पास की व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दे उठाए। जिलाधिकारी ने प्रकरणों और सुझावों को सुनते हुए पत्रकारों से संबंधित समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया।

पत्रकारों ने प्रेस-प्रशासन के बीच संवाद को और प्रभावी बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं प्रेस प्रतिनिधियों की समय-समय पर संयुक्त बैठक कराने तथा जिले के पत्रकारों की सूची विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ साझा करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर स्टेट यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की जिला इकाई की ओर से वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकारों को दी जाने वाली मासिक सम्मान निधि में वृद्धि की मांग का ज्ञापन भी जिलाधिकारी को सौंपा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, पत्रकार सदस्य क्रांति भट्ट, कमल नयन सिलोड़ी, कृष्ण कुमार सेमवाल, जगदीश पोखरियाल, कनिष्ठ सहायक विक्रम पंवार समेत अन्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण