नमामि गंगे घाट पर पुलिस एवं सिख रेजिमेंट आर्टिलरी का संयुक्त स्वच्छता अभियान
हरिद्वार, 14 अगस्त (हि.स.)। कांवड़ मेला के सकुशल संपन्न होने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में शुक्रवार प्रातः नमामि गंगे घाट पर हरिद्वार पुलिस एवं भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता अभियान एवं देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट द्वारा गरिमापूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ, जिससे पूरा घाट परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। ध्वजारोहण के उपरांत नमामि गंगे अभियान के उद्देश्यों तथा गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में हरिद्वार पुलिस के जवानों, सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के सैनिकों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों ने कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया।
करीब 6 टन कचरा किया एकत्रित
पुलिस, सेना के जवानों एवं सहयोगियों के अथक प्रयासों से नमामि गंगे घाट तथा आसपास के तटवर्ती क्षेत्रों से लगभग 6 टन कचरा एकत्रित किया गया। इसमें प्लास्टिक, सूखा एवं गीला कचरा शामिल था। एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए भेजा गया।
पुलिस-सेना ने दिया एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संयुक्त स्वच्छता अभियान के माध्यम से हरिद्वार पुलिस एवं भारतीय सेना ने आपसी समन्वय, राष्ट्र एकता, नागरिक कर्तव्य एवं पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। अभियान ने आमजन को यह संदेश भी दिया कि गंगा एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कमांडेंट ने बताया राष्ट्रीय दायित्व
कार्यक्रम के दौरान सिख रेजिमेंट आर्टिलरी के कमांडेंट ने जवानों एवं उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नदियों और सार्वजनिक धरोहरों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है। सेना एवं पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया यह प्रयास समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। हरिद्वार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल अभियान के लिए सिख रेजिमेंट आर्टिलरी, रायवाला एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में निरंतर सहभागिता एवं सहयोग का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

