home page

लगातार तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार: यतीश्वरानंद

 | 
लगातार तीसरी बार बनेगी भाजपा की सरकार: यतीश्वरानंद


हरिद्वार, 01 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। भाजपा सरकार में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी विकास की यह गति जारी रहेगी।

रविवार को वेद मंदिर आश्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. दर्शनलाल के नेतृत्व में कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने सभी का फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।

इस अवसर पर स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक अपने पूरे कार्यकाल में कोई उल्लेखनीय विकास कार्य नहीं करा पाए। पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों का श्रेय लेने के लिए केवल फीता काटने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास कार्य बिना भेदभाव के कराए जा रहे हैं। प्रदेश की जनता के विश्वास और सरकार के विकास कार्यों के दम पर भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी।

भाजपा की सदस्यता लेने वालों में श्यामपुर निवासी करणदास, बाबूराम, चित्रसेन, तहरसिंग, रामसेवक, मंगल सिंह, गणेशी, दिलावर, पाल्ले, गौतम और अहसान सहित अन्य लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला