उत्तराखंड में 1818 पदों पर भर्ती के लिए आयोग को भेजा गया अध्याचन
देहरादून, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड में विभिन्न विभागों के 1818 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अध्याचन भेजा गया है। इनमें पुलिस, वन, आबकारी और कारागार विभाग के विभिन्न पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का प्रयास है कि योग्य अभ्यर्थियों को उनकी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर सरकारी सेवा में आने का अवसर मिले।
पुलिस विभाग में 1385 पद
भर्ती के लिए भेजे गए अध्याचन के अनुसार पुलिस विभाग में आरक्षी के 1187, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 और प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी/एसडीआरएफ के 81 पद शामिल हैं। अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117, आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के दो पदों पर भर्ती होगी। वन विभाग में वन आरक्षी के 189 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती से युवाओं को सरकारी सेवा में आने के अवसर मिलेंगे।-------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

