home page

नौकरी का झांसा देकर 18 लाख की ठगी, फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
नौकरी का झांसा देकर 18 लाख की ठगी, फरार आरोपित गिरफ्तार


पौड़ी गढ़वाल, 21 अगस्त (हि.स.)। नौकरी लगाने का झांसा देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कोटद्वार पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसे गिरफ्तार किया।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि जौनपुर, कोटद्वार निवासी सूर्यकांत बलूनी ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि हरिद्वार निवासी प्रदीप सैनी ने नौकरी लगाने के नाम पर उनसे 18 लाख रुपये लिए थे। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो नौकरी लगाई और न ही पैसे वापस किए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

विवेचना के दौरान आरोपी को पुलिस के समक्ष उपस्थित होने के लिए कई बार नोटिस दिए गए, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी लगातार फरार रहा। इसके बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया।

पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपित की तलाश तेज की। सटीक सूचना के आधार पर प्रदीप सैनी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह