home page

रोजगार मेले में 39 युवाओं को नौकरी, 23 दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित

 | 
रोजगार मेले में 39 युवाओं को नौकरी, 23 दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए चयनित


देहरादून, 29 जून (हि.स.)। प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून में सोमवार को आयोजित लघु रोजगार मेले में 39 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन किया गया,जबकि 23 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के साक्षात्कार के लिए चुना गया।

सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक आयोजित रोजगार मेले में 282 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मेले में 12 निजी कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया और अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर साक्षात्कार लिए।

रोजगार मेले में विंडलास बायो मेडिसिन,आईपीसीए लेबोरेटरीज,एलआईसी,भारती एयरटेल,निर्माण ऑर्गेनाइजेशन सहित 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। निर्धारित 14 कंपनियों में से 12 कंपनियां मेले में शामिल हुईं।

देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे युवक-युवतियों ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों पर जाकर रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त की और अपनी योग्यता के अनुरूप आवेदन किए। रोजगार की तलाश में पहुंचे युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

उत्तरकाशी से आए अभ्यर्थी प्रमोद ने रोजगार मेले को युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,जिला प्रशासन और सेवायोजन विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें मेले की जानकारी मिली और ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि विभाग युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बेरोजगार युवाओं को विभिन्न कंपनियों से सीधे जुड़कर रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय