home page

गंगा संरक्षण पर जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक, डेयरी संचालकों पर होगी चालानी कार्रवाई

 | 
गंगा संरक्षण पर जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक, डेयरी संचालकों पर होगी चालानी कार्रवाई


हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। गंगा नदी की स्वच्छता, निर्मलता एवं संरक्षण को लेकर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने तथा घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर निगम को निर्देशित किया गया कि शहर के समस्त डेयरी संचालकों को नालों में गोबर न डालने के लिए जागरूक किया जाए। निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाए। साथ ही गंदगी एवं प्लास्टिक फैलाने वालों के खिलाफ अधिक से अधिक चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जल संस्थान को निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार का गंदा पानी अथवा नाले का पानी गंगा नदी में न गिरने पाए। इसके लिए नियमित निगरानी की जाए तथा ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

गंगा किनारे स्थित घाटों पर अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गठित टीमों के माध्यम से अभियान को गति देते हुए घाटों को अतिक्रमणमुक्त बनाया जाए।

डीएफओ ने सभी विभागों से गंगा संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपेक्षा की। उन्होंने गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला