कांवड़ मेला : तीसरे दिन 20 लाख से ज्यादा शिव भक्त गंगाजल लेकर गंतव्य के लिए रवाना
हरिद्वार, 01 अगस्त (हि.स.)। हरिद्वार में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में तीसरे दिन यानी शनिवार काे आस्था का सैलाब उमड़ा। तीसरे दिन 20 लाख से ज्यादा शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर हुए रवाना हुए। अब तक 45 लाख 35 हजार कांवड़िये पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से शनिवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार कांवड़ मेला के तीसरे दिन शिवभक्तों की भारी आमद देखने को मिली। आज कुल 20 लाख 25 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। कांवड़ मेला शुरू होने के बाद से अब तक 45 लाख 35 हजार शिव भक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार से प्रस्थान कर चुके हैं।
हरिद्वार में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या के मद्देनजर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अपने अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित कांवड़ यात्रा के संचालन में अपना सहयोग प्रदान करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

