श्रावण के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब
हरिद्वार, 17 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही तीर्थनगरी के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की।
प्रातः काल से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला अनवरत चलता रहा। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। बड़ी संख्या में कांवड़िए और स्थानीय श्रद्धालु भी शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। श्रावण सोमवार के चलते तीर्थनगरी के श्री दक्षेश्वर महादेव मंदिर, दरिद्रभंजन महादेव, दुःखभंजन महादेव, तिलभाण्डेश्वर महादेव मंदिर, जनमासा मंदिर, श्री बिल्वकेश्वर महादेव, गौरीशंकर महादेव और नीलेश्वर महादेव सहित शहर के तमाम शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और श्रृंगार भी किया गया।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
श्रावण सोमवार के अवसर पर मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए भी पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सोमवार के चलते हरिद्वार के बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ रही। मंदिरों के आसपास फूल-माला, पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
नाग पंचमी पर नाग मंदिर में उमड़ा जनसैलाब
इस बार श्रावण सोमवार के साथ ही नाग पंचमी का पर्व पड़ने से धर्मनगरी में धार्मिक उत्साह और बढ़ गया। ज्वालापुर स्थित प्रसिद्ध नाग मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने नाग देवता की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं के लिए यह संयोग विशेष धार्मिक महत्व वाला रहा। करीब एक दशक बाद ऐसा संयोग बना है, जब श्रावण मास के सोमवार को नाग पंचमी का पर्व पड़ा। इसके चलते शिवालयों के साथ-साथ नाग मंदिर में भी श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली।
गूंजते रहे हर-हर महादेव के जयकारे
श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर पूरी धर्मनगरी शिवमय नजर आई। मंदिरों में घंटियों की गूंज, शंखनाद और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर देश, प्रदेश और परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

