जल जीवन मिशन के बकाये भुगतान का आश्वासन, ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर तक दिया अल्टीमेटम
देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों के बकाया भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्धन से मुलाकात की।
मुख्य सचिव ने ठेकेदारों को बकाया राशि का जल्द भुगतान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही अगले तीन दिन के भीतर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कराने की बात कही। इसके बाद ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर तक भुगतान का इंतजार करने का निर्णय लिया और कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर 30 अक्टूबर से फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
एसोसिएशन के सदस्य बुधवार को इंदर रोड स्थित राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन (एसडब्ल्यूएसएम) कार्यालय में धरने पर बैठे रहे। ठेकेदारों ने बकाया भुगतान की मांग को लेकर सचिवालय कूच करने की योजना बनाई थी। इसी बीच शासन की ओर से संगठन के पांच प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए सचिवालय बुलाया गया। प्रतिनिधियों ने सचिव पेयजल रणवीर सिंह चौहान के साथ बैठक की, लेकिन वार्ता से संतुष्ट नहीं होने पर वे धरनास्थल लौट आए।
इसके बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन के साथ ठेकेदारों की बैठक हुई। एसोसिएशन के मुताबिक, प्रमुख सचिव ने बताया कि बकाया भुगतान के संबंध में केंद्र सरकार से बातचीत की गई है और राशि जल्द जारी कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने तीन दिन के भीतर मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का भी आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने बताया कि ठेकेदारों ने 29 अक्टूबर तक भुगतान का इंतजार करने का निर्णय लिया है। निर्धारित समय तक बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर 30 अक्टूबर से दोबारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार आंदोलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से ठेकेदारों और मजदूरों को शामिल किया जाएगा।
ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर जल जीवन मिशन की परियोजनाओं के टेंडर संबंधी कार्य रोकने सहित अन्य कदम उठाए जा सकते हैं। भुगतान लंबित रहने से परियोजनाओं के कामकाज पर पड़ने वाले असर को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

