home page

छात्र-छात्राओं को दी विभिन्न करियर विकल्पों की दी जानकारी

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 29 नवंबर (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी की उन्नत भारत अभियान टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, जमलाखाल में करियर मार्गदर्शन एवं छात्र जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना और उन्हें सोच-समझकर अपने करियर का चुनाव करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा, उच्च शिक्षा के विभिन्न मार्गों, प्रवेश परीक्षाओं, छात्रवृत्तियों, कौशल विकास तथा सरकारी सेवाओं से जुड़े करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही, सही शैक्षणिक योजना, प्रभावी अध्ययन की आदतों और व्यक्तिगत विकास के महत्व पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान विद्यार्थियों को अपनी रुचियों और भविष्य की आकांक्षाओं को साझा करने का अवसर दिया गया। विद्यार्थियों ने सेना में अधिकारी, डॉक्टर, क्रिकेटर, कला शिक्षक और यूट्यूबर बनने जैसी विभिन्न इच्छाएं व्यक्त कीं। टीम के सदस्यों ने उनकी रुचियों के अनुरूप संभावित करियर मार्गों पर मार्गदर्शन दिया और उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने, आवश्यक कौशल विकसित करने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

इस मौके पर विद्यार्थियों को अपनी शंकाओं के समाधान, उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग तथा नए अवसरों की तलाश के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में करियर संबंधी जागरूकता और आत्मविश्वास विकसित करने का प्रयास किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. वीके बंगा ने अपने संदेश में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समय पर उचित करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य के अवसरों को पहचानने और सही दिशा में आगे बढ़ने में सहायता करते हैं। उन्होंने संस्थान की उन्नत भारत अभियान टीम के प्रयासों की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह