home page

लगातार बारिश पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए राहत-बचाव के निर्देश

 | 
लगातार बारिश पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए राहत-बचाव के निर्देश


हरिद्वार, 28 जुलाई (हि.स.)। जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार काे सभी विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने कहा कि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें। जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित जल निकासी सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को परेशानी न हो।

उन्होंने वर्षा से सरकारी या निजी संपत्ति को हुए नुकसान का तुरंत आकलन कर जिला आपदा कंट्रोल रूम को विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा।

कांवड़ मेले के मद्देनजर डीएम ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से अपील की कि वे गंगा घाटों और नदी तटों पर विशेष सावधानी बरतें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और कोई जोखिम न उठाएं।

नदी किनारे रहने वाले लोगों से भी बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला